आजसू महिला संघ का राज्य स्तरीय अधिवेशन चार जुलाई को, पंचायत स्तर से जुटेंगी महिला प्रतिनिधि

WhatsApp Channel Join Now
आजसू महिला संघ का राज्य स्तरीय अधिवेशन चार जुलाई को, पंचायत स्तर से जुटेंगी महिला प्रतिनिधि


रांची, 30 जून (हि.स.)। ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के अनुषंगी संगठन अखिल झारखंड महिला संघ का राज्य स्तरीय अधिवेशन आगामी चार जुलाई को राजधानी रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में राज्य के सभी 24 जिलों के साथ-साथ पंचायत स्तर से बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाना, महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी बढ़ाना तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक रणनीति तय करना है।

मंगलवार को पार्टी के हरमू स्थित प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अधिवेशन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। प्रेस वार्ता में पार्टी की केंद्रीय महासचिव एवं रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय महासचिव पार्वती देवी, केंद्रीय सचिव वीणा चौधरी, फूलकुमारी देवी, महिला जिलाध्यक्ष वीणा देवी तथा सबिता देवी उपस्थित रहीं।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव निर्मला भगत ने कहा कि राज्य स्तरीय महिला अधिवेशन महिलाओं को संगठन में अधिक सक्रिय और प्रभावी भूमिका देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस अधिवेशन के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों एवं आंदोलन की रणनीति पर भी व्यापक चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अधिवेशन का आयोजन दो सत्रों में होगा। प्रथम सत्र का उद्घाटन आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो करेंगे। इस सत्र में संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। साथ ही पार्टी की आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान और भविष्य की कार्ययोजना पर भी निर्णय लिए जाएंगे। पहले सत्र में राज्य के सभी 24 जिलों से आए प्रखंड स्तरीय प्रतिनिधि, महिला पदाधिकारी और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

दोपहर बाद आयोजित होने वाले द्वितीय सत्र में पंचायत स्तर तक की महिला कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस खुले सत्र में प्रथम सत्र में लिए गए सभी महत्वपूर्ण निर्णयों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही नव-चयनित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की जाएगी तथा संगठन के आगामी कार्यक्रमों और अभियान की रूपरेखा भी सार्वजनिक की जाएगी।

पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि राज्य स्तरीय महिला अधिवेशन संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और पंचायत स्तर तक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को और मजबूत बनाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना और उन्हें संगठन की निर्णय प्रक्रिया में अधिक अवसर उपलब्ध कराना अधिवेशन का प्रमुख उद्देश्य है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story