आजसू सभी जिला मुख्यालयों में सरकार का करेगा पुतला दहन
रांची, 27 अगस्त (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, हरमू, रांची में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में प्रमंडलीय प्रभारियों, सभी जिलों के जिला अध्यक्षों, जिला संयोजकों, विधानसभा स्तर पर नियुक्त बीएलए-1 पदाधिकारियों और युवाओं की प्रदेश स्तरीय संयोजक मंडली की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में संगठन के विस्तार और पुनर्गठन, प्रखंड-पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने एवं आगामी राजनीतिक तथा जनसंवाद कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सुदेश कुमार महतो विधानसभा वार सभी प्रखंडों में ‘जन की बात’ एवं ‘युवाओं से संवाद’ कार्यक्रम करेंगे। इस दौरान वे सीधे राज्यर के लोग और युवाओं से रूबरू होंगे।
संवाद का प्रमुख विषय ‘कल, आज और कल का झारखंड’ होगा। इसके माध्यम से रोजगार, शिक्षा, पलायन, कृषि, उद्योग, युवाओं के अवसर और राज्य के वर्तमान एवं भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जनता और युवाओं के विचार तथा सुझाव लिए जाएंगे।
01 सितंबर से प्रमंडलीय प्रभारियों का क्षेत्रीय दौरा
बैठक में तय किया गया कि 01 सितंबर 2026 से सभी प्रमंडलीय प्रभारी अपने-अपने प्रमंडल क्षेत्रों का नियमित दौरा करेंगे। वे संगठन की समीक्षा के साथ कार्यकर्ताओं, युवाओं, स्थानीय प्रमुख लोगों और आम जनता से संवाद करेंगे। संगठन को प्रखंड, पंचायत एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पुनर्गठन किया जाएगा।
बैठक में जेपीएससी-जेएसएससी के मुद्दे को लेकर आंदोलनरत छात्र-छात्राओं पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के पट्टे और झंडे लिए लोगों की ओर से किए गए कथित हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की गई। पार्टी ने कहा कि गिरिडीह, रामगढ़, हजारीबाग, रांची और गढ़वा में सामने आई ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
पार्टी ने रांची में 21 अगस्त को छात्रा के हाथ से पुतला छीने जाने और उसके साथ कथित मारपीट की घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रा की ओर से आठ नामजद लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के बावजूद नामजद आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
सरकार और पुलिस को इसका जवाब देना चाहिए।
आजसू पार्टी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि दल और सरकार एक नहीं होते। सरकार संविधान से चलती है, दल के झंडे से नहीं। लोकतंत्र में विरोध की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को छात्रों के सवालों और उनकी मांगों का जवाब देना चाहिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आंदोलनरत छात्रों पर हमले और लोकतांत्रिक अधिकारों के कथित दमन के विरोध में आजसू पार्टी राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर सरकार का पुतला दहन करेगी। बैठक में एमएमडीआर अमेंडमेंट एक्ट-2026 पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
आजसू पार्टी का स्पष्ट मत है कि अधिनियम की धारा 9डी के तहत राज्य को मिलने वाले राजस्व का समुचित लाभ झारखंड को मिलना चाहिए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि खनन से प्राप्त राजस्व का उपयोग खनन प्रभावित एवं संबंधित क्षेत्रों के विकास में किया जाए।
पार्टी ने आरोप लगाया कि इस विषय को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
आजसू पार्टी का मानना है कि झारखंड की खनिज संपदा से प्राप्त राजस्व का लाभ झारखंड की जनता को मिलना चाहिए और इसका उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार तथा खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास में किया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

