आजसू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित किए कार्यक्रम, सुदेश महतो ने बताए संविधान के महत्व

WhatsApp Channel Join Now
आजसू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित किए कार्यक्रम, सुदेश महतो ने बताए संविधान के महत्व


रांची, 14 अप्रैल (हि.स.)। ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) ने राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो रांची, बुंडू, सोनाहातु, सिल्ली और खिजरी में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित जयंती समारोह में उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश के सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देने वाला संविधान देकर ऐतिहासिक योगदान दिया है।

सुदेश महतो ने कहा कि संविधान सभा के सदस्यों के विचारों को एक सूत्र में पिरोकर बनाया गया संविधान आज पूरे विश्व में एक मिसाल के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि इस संविधान ने नए भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है और बाबा साहब के विचार सामाजिक न्याय की अवधारणा के पथप्रदर्शक हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि संविधान के माध्यम से आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक वर्गों के साथ-साथ महिलाओं को भी अधिकार प्रदान करने की ऐतिहासिक पहल हुई है।

इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना जीवन दलितों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया था और संविधान निर्माण में उनके योगदान के लिए राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।

कार्यक्रम में डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव राजेन्द्र मेहता, पार्वती देवी, नईम अंसारी, जिलाध्यक्ष संजय महतो, जिला परिषद सदस्य हाकिम अंसारी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story