एयर एंबुलेंस दुर्घटना के पीड़ितों के न्याय को लेकर राज्यपाल से मिला आजसू

WhatsApp Channel Join Now
एयर एंबुलेंस दुर्घटना के पीड़ितों के न्याय को लेकर राज्यपाल से मिला आजसू


रांची, 05 मई (हि.स.)। चतरा में एयर एंबुलेंस दुर्घटना के पीड़ितों के लिए न्याय की मांग को लेकर डॉ पार्थ पारितोष के नेतृत्व में आजसू पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुपालन के लिए पहल करने का अनुरोध किया गया।

डॉ पार्थ पारितोष ने बताया कि मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने आश्वस्त किया कि उक्त ज्ञापन को मुख्यमंत्री और राज्य सरकार तक अतिशीघ्र अग्रसारित किया जाएगा, ताकि इस गंभीर मामले में जल्द कार्रवाई हो सके।

डॉ परितोष ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की ओर से इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। यह बात स्वर्गीय डॉ विकास गुप्ता के पिता बजरंगी प्रसाद ने अवगत कराई, जिन्होंने बताया कि तीन दिनों पूर्व मंत्री से दूरभाष पर हुई बातचीत में भी यही बात कही गई थी।

साथ ही, मंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में भी इस आशय की बातें सामने आई हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे प्रकरण में स्पष्टता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच करने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई एवं पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय तथा उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में डॉ अरुण कुमार, डीपी मिश्रा, डॉ विकास गुप्ता के पिता बजरंगी प्रसाद और उनके भाई सुभाष गुप्ता भी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story