आजसू के केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में युवा संवाद सहित अन्य कार्यक्रमों पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
आजसू के केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में युवा संवाद सहित अन्य कार्यक्रमों पर चर्चा


रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.)। आजसू पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के कांके के बुकरू स्थित आवास पर हुई।

बैठक में संगठन को सशक्त करने, 11 अक्टूबर को गिरिडीह विधानसभा के पीरटांड़ में ’युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने सहित अन्य सांगठनिक रणनीतियों पर चर्चा हुई।

मौके पर सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति का केंद्र यहां की जनता के सवाल होने चाहिए। संगठन का दायित्व है कि वह जनता की आवाज बने और उनके अधिकार, सम्मान और विकास से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाए।

उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने और राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों पर संगठन को मुखर करने का आह्वान किया।

बैठक में युवा संवाद कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। इसके तहत 11 अक्टूबर को पीरटांड़ में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इसके बाद अन्य विधानसभाओं में भी युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जिला समितियों के क्रियाकलापों की समीक्षा की गई और जिला एवं प्रखंड स्तर पर संगठन के पुनर्गठन पर चर्चा हुई। साथ ही पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर एवं हसन अंसारी तथा प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story