जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं की सीबीआई से जांच कराने के लिए आजसू का लोकभवन मार्च

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं की सीबीआई से जांच कराने के लिए आजसू का लोकभवन मार्च


जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं की सीबीआई से जांच कराने के लिए आजसू का लोकभवन मार्च


रांची, 30 जुलाई (हि.स.)। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के तत्वावधान में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं की सीबीआई से जांच कराने सहित अन्य मांगों को लेकर गुरुवार को लोकभवन मार्च किया गया।

यह मार्च जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम, कचहरी से शरुरू होकर लोकभवन तक पहुंचा।

मार्च से पूर्व आजसू के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो के नेतृत्व में राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर छात्र-हित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर आजसू नेताओं ने कहा कि राज्य के छात्र-छात्राओं को लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं, नियुक्तियों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं मुद्दों के समाधान और शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार की मांग को लेकर यह लोकतांत्रिक मार्च आयोजित किया गया।

आजसू की प्रमुख मांगें

- जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं से संबंधित सभी अनियमितताओं का जल्दा निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान हो।

- पूरे परीक्षा प्रकरण की सीबीआई से जांच कराई जाए।

- कथित अवैध करोड़ों रुपये के लेन-देन की ईडी से जांच कराई जाए।

- परीक्षा कैलेंडर नियमित रूप से जारी कर समयबद्ध तरीके से परीक्षाएं और नियुक्तियां सुनिश्चित की जाएं।

- छात्रवृत्ति का समयबद्ध वितरण किया जाए।

- शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और छात्रहितैषी बनाया जाए।

वहीं आजसू ने राज्य के सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों और शिक्षा के प्रति जागरूक नागरिकों से आह्वान किया कि वे छात्र-हित की इस लोकतांत्रिक लड़ाई में बढ़-चढ़कर भाग लें और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूत करें।

संगठन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और समयबद्ध छात्र कल्याण योजनाएं ही झारखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। इसी संकल्प के साथ आजसू ने सभी वर्गों से छात्र-हित के इस आंदोलन में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो, पार्टी के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, युवा आजसू के अमित यादव, प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story