जेयूवीएनएल में जीपीएफ को लेकर सवाल, ऊर्जा श्रमिक संघ ने की जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जेयूवीएनएल में जीपीएफ को लेकर सवाल, ऊर्जा श्रमिक संघ ने की जांच की मांग


रांची, 30 अगस्त (हि.स.)। झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (जेयूवीएनएल) और इसकी अनुषंगी कंपनियों जेबीवीएनएल, जेयूएसएनएल एवं जेयूयूएनएल में पुरानी पेंशन योजना के तहत आने वाले कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) को लेकर सवाल उठे हैं। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने जेयूवीएनएल के सीएमडी को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अजय राय ने आरोप लगाया है कि कर्मचारियों के वेतन से वर्षों से नियमित रूप से जीपीएफ की राशि काटी जा रही है और उन्हें जीपीएफ संख्या भी आवंटित की गई है, लेकिन पात्र कर्मचारियों को जीपीएफ अग्रिम और निकासी की सुविधा नहीं मिल रही है।

अजय राय ने सवाल उठाया कि यदि जीपीएफ ट्रस्ट का विधिवत गठन नहीं हुआ है तो अब तक कर्मचारियों के वेतन से काटी गई राशि किस खाते या कोष में रखी गई है। उन्होंने राशि के लेखांकन और उस पर ब्याज निर्धारण की व्यवस्था को भी स्पष्ट करने की मांग की है।

अजय राय ने प्रबंधन से कर्मचारियों के जीपीएफ की एक-एक रुपये की राशि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने जीपीएफ ट्रस्ट के गठन में देरी के कारणों की जांच कराने और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की।

अजय राय ने कहा कि घर निर्माण, बच्चों की शिक्षा, विवाह और चिकित्सा जैसी आवश्यकताओं के लिए कर्मचारी अपने जीपीएफ पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में उन्हें नियमानुसार अपने जमा धन के उपयोग से वंचित रखना अन्यायपूर्ण है।

ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष ने जीपीएफ ट्रस्ट की व्यवस्था की जांच, लंबित प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने, पात्र कर्मचारियों को जीपीएफ अग्रिम एवं निकासी की सुविधा उपलब्ध कराने तथा किसी तरह की अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story