श्याम मंदिर में श्रद्धा भाव से मनी अजा एकादशी
रांची, 07 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मन्दिर में सोमवार को अजा एकादशी महापर्व अत्यंत श्रद्धा भाव और भक्तिमय वातावरण में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रातः श्री श्याम प्रभु को नवीन वस्त्र (बागा) पहनाकर कर स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत कर गुलाब, जूही, बेला, मोगरा और रजनीगंधा के मालाओं से मनभावन श्रृंगार किया गया।
साथ ही मंदिर में विराजमान बजरांबली एवम शिव परिवार का भी इस अवसर पर विशेष श्रृंगार किया गया।
पावन श्रावण मास की एकादशी होने के कारण प्रातः से ही श्री श्याम प्रभु के दर्शन के लिए भक्तों की काफी भीड़ रही।
वहीं रात में श्री श्याम प्रभु की पावन ज्योत प्रज्वलित कर भक्त कतराबद्ध होकर पावन ज्योत में आहुति प्रदान कर रहे थे। श्री श्याम मण्डल के सदस्यों की ओर से गणेश वन्दना के साथ सगीतमय संकीर्तन शुरू किया गया।
मौके पर श्रद्धालुओं को बाबा का दरबार सुहाना लगता है.. और हमें प्रीत तुमसे हुई श्याम प्यारे.. सहित कई भजनों की मधुर प्रस्तुति दी गई।
साथ ही इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु को विभिन्न प्रकार के मिष्ठान - फल - मेवा - केसरिया दूध एवम मगही पान का भोग अर्पित किया गया। देर रात्रि में महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश सारस्वत, गोपी किशन ढांढनीयां, ओम जोशी, चन्द्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, विकाश पाडिया, नितेश केजरीवाल, प्रियांश पोद्दार सहित अन्य का योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

