क्लस्टर सिस्टम और पेपर लीक के खिलाफ आइसा ने किया चक्का जाम

WhatsApp Channel Join Now
क्लस्टर सिस्टम और पेपर लीक के खिलाफ आइसा ने किया चक्का जाम


रांची, 29 मई (हि.स.)। झारखंड के सभी विश्वविद्यालयों के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों को क्लस्टर सिस्टम में बांटने नीट, एसएससी जीडी और नेट में पेपर लीक के खिलाफ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और आरवाईए (इंकलाबी नौजवान सभा) ने शुक्रवार को राज्यव्यापी चक्का जाम किया।

कार्यक्रम को लेकर संगठनों ने राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक को भी जाम कर दिया।

प्रदर्शन में शामिल आइसा राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप ने कहा कि झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के जारी हालिया संकल्प राज्य की उच्च शिक्षा संरचना को निजीकरण और कॉरपोरेट मॉडल की ओर ले जा रहा है।

विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में शैक्षणिक–गैर शैक्षणिक पदों के पुनर्गठन के बहाने पदों में भारी कटौती, छात्रों की सीटों में कमी और कॉलेजों को क्लस्टर सिस्टम में बांटने की पहल का सीधा प्रभाव वंचित समुदायों पर पड़ेगा।

आइसा झारखंड राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने कहा कि रेगुलर कोर्सों की जगह वोकेशनल और सेल्फ-फाइनेंस मोड को बढ़ावा देने की नीति छात्रों पर आर्थिक भार बढ़ाएगी। शिक्षण संस्थाओं को ऋण आधारित प्रणाली बनाने की सीधे-सीधे कोशिश है। स्कूली शिक्षा विभाग की ओर से संचालित बीएड और एमएड कॉलेजों का रांची विश्वविद्यालय में विलय होने से जहां पहले 15–25 हजार रुपये में पढ़ाई संभव थी, अब वही कोर्स 1.5 से 02 लाख रुपये तक महंगे हो जाएंगे।

रांची जिला अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि नीट, एसएसजीडी, नेट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक ने लाखों छात्रों और अभिभावकों पर मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दबाव बढ़ा दिया है।

मौके पर आइसा की राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप, राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ, आइसा रांची जिला अध्यक्ष विजय कुमार, सचिव संजना मेहता, सोनाली केवट, सृष्टि भट्टाचार्य सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story