कृषि जागरूकता अभियान शुरू, जिले के सभी प्रखंडों का भ्रमण करेगा बिरसा कृषि रथ

WhatsApp Channel Join Now
कृषि जागरूकता अभियान शुरू, जिले के सभी प्रखंडों का भ्रमण करेगा बिरसा कृषि रथ


देवघर, 25 जून (हि.स.)। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और वैज्ञानिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सौरव कुमार भुवानिया ने समाहरणालय परिसर से बिरसा कृषि रथ-2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना आवश्यक है।

बिरसा कृषि रथ जिले के विभिन्न गांवों में जाकर किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, फसल प्रबंधन और फल एवं सब्जियों के वैज्ञानिक उत्पादन और विपणन संबंधी जानकारियां देगा।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में यह जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों एवं सुदूरवर्ती पंचायतों का भ्रमण करेगा। भ्रमण के दौरान चौपाल, प्रदर्शनियों और दृश्य-श्रव्य माध्यमों के जरिए किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, उन्नत बीजों के उपयोग, प्राकृतिक खाद, जल संरक्षण और कृषि आधारित रोजगार के नए अवसरों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि इस पहल से किसानों को नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने में मदद मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि होगी।

साथ ही किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में भी यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त पियूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी वीणा कुमारी टुडू, जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story