रामगढ़ में कृषि यांत्रिकीकरण मेला, किसानों को 90 प्रतिशत तक अनुदान पर मिले कृषि उपकरण

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में कृषि यांत्रिकीकरण मेला, किसानों को 90 प्रतिशत तक अनुदान पर मिले कृषि उपकरण


रामगढ़ में कृषि यांत्रिकीकरण मेला, किसानों को 90 प्रतिशत तक अनुदान पर मिले कृषि उपकरण


रामगढ़, 31 अक्टूबर (हि.स.)। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और खेती को आसान एवं लाभकारी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कैथा स्थित भूमि संरक्षण कार्यालय परिसर में कृषि यांत्रिकीकरण वितरण मेला आयोजित किया गया। मेले में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत किसानों को 50 से 90 प्रतिशत तक अनुदान पर ट्रैक्टर, मिनी ट्रैक्टर, पंपसेट और अन्य कृषि उपकरण उपलब्ध कराए गए।

मेला का उद्घाटन स्थानीय विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो और उपायुक्त ऋतुराज ने किया। इस अवसर पर भूमि संरक्षण निदेशक विकास कुमार, सहायक निदेशक सर्वे विवेक मिश्रा, भूमि संरक्षण पदाधिकारी कंचन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर, जेएसएलपीएस की डीपीएम रीता सिंह और सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।

मेले में मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत दो लाभुकों को 50 प्रतिशत अनुदान पर ट्रैक्टर दिए गए। वहीं, एसएमएएम योजना के तहत आठ लाभुकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर बड़े ट्रैक्टर और तीन लाभुकों को मिनी ट्रैक्टर उपलब्ध कराए गए। पंपसेट वितरण योजना के तहत 1.5 से 5 एचपी क्षमता वाले पंपसेट और सोलर पंपसेट मिलाकर कुल 40 लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान पर उपकरण दिए गए। इसके अलावा व्यक्तिगत कृषि यंत्र योजना के तहत तीन लाभुकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर विधायक ममता देवी ने कहा कि कृषि यांत्रिकीकरण किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कृषि उपकरणों के इस्तेमाल से किसानों का समय और श्रम बचेगा। विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि आधुनिक कृषि मशीनों के उपयोग से खेती की लागत कम होगी और किसानों को सहूलियत मिलेगी। विधायक निर्मल महतो ने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि कृषि को आधुनिक और लाभकारी बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकार 50 से 90 प्रतिशत तक अनुदान देकर किसानों को आधुनिक कृषि संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पात्र किसानों तक पहुंचाया जाए।

भूमि संरक्षण निदेशक विकास कुमार ने कहा कि कृषि यांत्रिकीकरण से उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। भूमि संरक्षण पदाधिकारी कंचन ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन विवेक मिश्रा ने किया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story