बिजली विभाग की एजेंसी प्रणाली से बढ रहा आर्थिक बोझ : अजय राय
रांची, 07 मई (हि.स.)। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड की वर्तमान एजेंसी प्रणाली से कर्मचारियों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। निगम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इसलिए विभाग पूर्व की प्रत्यक्ष व्यवस्था बहाल करे। या फिर पूरे राज्य में एकल एजेंसी व्यवस्था लागू कर जैप आईटी को अधिकृत नियोक्ता बनाया जाए।
अजय राय गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि तमाम बातों पर आज गुगल मीट के जरिए भी संघ के सभी सदस्यों के साथ व्यापक चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि बैठक में झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड की नई नियुक्ति प्रक्रिया शुरू किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए मानव दिवस कर्मियों और एजेंसी कर्मियों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई गई। संघ के सदस्याें ने कहा कि वर्ष 2016 और 2017 की बहाली प्रक्रिया की तर्ज पर मानव दिवस कर्मियों को नियुक्ति में प्राथमिकता देते हुए आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट प्रदान की जाए। साथ ही वर्ष 2014 में तैयार मानव दिवस कर्मियों की सूची को कार्यकाल निर्धारण का आधार बनाने और बाद के वर्षों में कार्यरत कर्मियों को अनुभव का लाभ देने की मांग की गई। बैठक में प्रधान महामंत्री अमित कुमार कश्यप, मुकेश साहू, मनुभगवान मिश्रा, शिवनारायण साहू सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

