ससमय सडक निर्माण न करनेवाले एजेंसी-ठेकेदार होंगे डिबार : दीपिका
रांची, 20 मई (हि.स.)। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं करने वाली एजेंसियों और संवेदकों को डिबार किया जाएगा। भविष्य में उन्हें नए कार्य आवंटित करना मुश्किल होगा।
मंत्री बुधवार को रांची स्थित झारखंड सिविल सर्विस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट के सभागार में आयोजित ग्रामीण विकास एवं ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षात्मसक बैठक में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थी। इस दौरान मंत्री ने लंबित योजनाओं पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को राज्य स्तर पर ऐसी एजेंसियों की सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया। मंत्री ने सड़क और पुल निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की बात कही। साथ ही विधायकों द्वारा भेजी गई शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई और बारिश से पहले क्षतिग्रस्त पुलों की सूची तैयार कर मरम्मत कार्य तेज करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में सामने आया कि कई जिलों में सड़क और पुल निर्माण योजनाएं लंबे समय से अधूरी हैं।
मंत्री ने कहा कि काम में देरी कर रेट रिवीजन का लाभ लेने की प्रवृत्ति को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रेट रिवीजन वाली योजनाओं की भी समीक्षा की जाए तथा दोषी एजेंसियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो।
ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान राज्य के छह जिलों में पलाश मार्ट निर्माण के लिए जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दिया। अबुआ आवास योजना के तहत लाभुकों को अंतिम किस्त का भुगतान कर आवास निर्माण पूरा कराने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में ग्रामीण विकास सचिव मनोज कुमार, मनरेगा आयुक्त मृत्युंजय बरनवाल सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

