बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पारदर्शिता बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा परामर्श पत्र
देवघर, 23 जुलाई (हि.स.)। पंडा धर्मरक्षणी सभा के वरीय उपाध्यक्ष और भाजपा नेता चंद्रशेखर खबाड़े ने मुख्यमंत्री को 15 सूत्री परामर्श पत्र भेजकर बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और श्रद्धालु-केंद्रित बनाने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। यदि मंदिर प्रबंधन को आधुनिक और पारदर्शी बनाया जाए तो यह देश के अन्य मंदिरों के लिए भी आदर्श मॉडल बन सकता है।
परामर्श पत्र में मंदिर की मासिक आय-व्यय और शुद्ध बचत का सार्वजनिक विवरण जारी करने, दान और चढ़ावे की गणना मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सीसीटीवी निगरानी और डिजिटल रिकॉर्डिंग के साथ कराने, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संपत्ति का समय-समय पर सत्यापन, पुराने सामानों के निस्तारण की पारदर्शी व्यवस्था, मंदिर कल्याण कोष और गौशाला मद में खर्च का सार्वजनिक लेखा-जोखा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था के स्पष्ट नियम प्रकाशित करने जैसे सुझाव शामिल हैं।
इसके अलावा उन्होंने प्रोटोकॉल दर्शन की संख्या और समय निर्धारित करने, शीघ्रदर्शन कूपन व्यवस्था लागू करने और पटना के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर की तर्ज पर मंदिर में प्राप्त दान राशि से प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्रसाद (लंगर) वितरण शुरू करने का भी सुझाव दिया है।
चंद्रशेखर खबाड़े ने कहा कि उनका उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ धाम की गरिमा, श्रद्धालुओं की आस्था, प्रशासनिक पारदर्शिता और सुशासन को और अधिक मजबूत करना है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित जलार्पण एवं दर्शन की बेहतर सुविधा मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

