सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई


रामगढ़, 29 सितंबर (हि.स.)। सड़क पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता एवं एसपी मुकेश कुमार लुनायत की मौजूदगी में जिला परिवहन कार्यालय के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ तत्काल टोइंग कार्रवाई और जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया।

समीक्षा में सामने आया कि मुख्य सड़कों, राज्य मार्गों और एनएच पर कई जगह बिना उचित कारण वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ती है। प्रशासन ने ऐसे वाहनों के खिलाफ क्रेन/टोइंग के जरिए तत्काल कार्रवाई करने और संबंधित वाहन मालिकों एवं चालकों पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया है।

शहर में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों को प्रशासन ने स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाने पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अतिक्रमण हटाने के साथ संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

सभी पेट्रोल पंप संचालकों को नो हेलमेट, नो पेट्रोल नियम का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन लेकर आने वालों को पेट्रोल नहीं देने की हिदायत दी गई। नियम का पालन नहीं करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

चुटूपालू घाटी में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्पीड चालान मीटर जल्द शुरू करने का निर्देश दिया गया है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई है। साथ ही जिले के सभी चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य तेजी से पूरा करने को कहा गया।

डीसी ने राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर आवश्यक स्थानों पर साइनेज बोर्ड, ब्लिंकर लाइट, स्पीड ब्रेकर और रिफ्लेक्टर लगाने का काम तेज करने का निर्देश दिया। सड़क दुर्घटनाओं के हालिया मामलों का विश्लेषण करते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया।

एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि अवैध बालू, कोयला और अन्य खनिजों के ओवरलोडेड वाहनों के साथ तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त जांच अभियान चलाएगा। ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के परमिट रद्द करने और चालकों के लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का, मोटरयान निरीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात/मुख्यालय), सड़क सुरक्षा प्रबंधक सहित अन्‍य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story