वियतनाम हादसे में मृतक के शव को लाने में जुटा प्रशासन
रांची, 29 सितंबर (हि.स.)। रांची जिला प्रशासन ने वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत रांची निवासी राजा कुमार बंसी का शव रांची लाने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशासन संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने की प्रक्रिया में जुटा है।
इस संबंध में मृतक के परिजनों ने उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री से मंगलवार को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मुलाकात की। परिजनों ने प्रशासन से शव को जल्द रांची लाने के लिए आवश्यक सहयोग का आग्रह किया।
जिला प्रशासन के अनुसार कैलाश नगर निवासी राजा कुमार बंसी की 25 सितंबर 2026 को वियतनाम में सड़क दुर्घटना हुई थी।
दुर्घटना के बाद 26 सितंबर 2026 की सुबह उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से परिवार शोक में है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि शव को रांची लाने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं। संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उपायुक्त् ने कहा कि शोकाकुल परिवार को आवश्यक सहयोग और राहत उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मौके पर शांति समिति के सदस्य जय सिंह यादव, रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 27 के पार्षद और मृतक के परिजन मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

