छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीओ और थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीओ और थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण


रामगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। शहर में लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को रामगढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का अंचल अधिकारी रमेश रविदास और थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडे ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने एक-एक कर कई छठ घाटों पर पहुंचकर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अरगड्डा, सिरका, रामगढ़ शहर स्थित दामोदर छठ घाट, गोलपार, पुरानी मंडप, न्यू बगीचा, बिजुलिया तालाब, जारा बस्ती और पतरातू बस्ती सहित विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था, व्रतियों के लिए कपड़े बदलने के स्थान, सुरक्षा के दृष्टिकोण से नावों की उपलब्धता तथा स्वयंसेवकों की तैनाती की जानकारी ली।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने, आवागमन सुचारू रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजामों पर भी चर्चा की गई।

इसके अलावा घाटों के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पार्किंग की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। श्रद्धालुओं के वाहनों को छठ घाटों से दूर निर्धारित स्थानों पर खड़ा कराने की योजना बनाई गई है, ताकि घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

अधिकारियों ने संबंधित लोगों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त रखने और पर्व के दौरान पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story