दीपावली -छठ पर सुरक्षा और स्वच्छता के होंगे कड़े इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली -छठ पर सुरक्षा और स्वच्छता के होंगे कड़े इंतजाम


रामगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)।

दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले के वरीय पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों को पर्व के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और विधि-व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिया गया।

बैठक में डीसी ने नगर परिषद क्षेत्र के सभी 38 वार्डों में दीपावली एवं छठ को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रमुख छठ घाटों, विशेषकर छावनी क्षेत्र के बड़े घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को युद्धस्तर पर दुरुस्त करने तथा वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी घाटों पर महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम बनाने और शांति समितियों के साथ लगातार बैठक कर दिशा-निर्देशों का पालन कराने को कहा।

डीसी ने सिविल सर्जन को प्रमुख छठ घाटों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम संचालित करने को कहा।

एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने जलाशयों में बैरिकेडिंग कराने, गहरे एवं खतरनाक स्थानों को रेड मार्क से चिह्नित करने तथा बड़े घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। सभी थाना प्रभारियों को यातायात सुचारू रखने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

दीपावली पर पटाखों के अवैध एवं अत्यधिक भंडारण पर रोक लगाने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने को भी कहा गया। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773946 Articles

Share this story