अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, अनाउंसमेंट कर दी चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, अनाउंसमेंट कर दी चेतावनी


रामगढ़, 03 अक्टूबर (हि.स.)। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और सुगम यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर जिला प्रशासन और छावनी परिषद रामगढ़ की ओर से शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और व्यस्त मार्गों पर जागरूकता वाहन के माध्यम से माइकिंग कर लोगों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जा रही है।

जागरूकता वाहन के माध्यम से आम नागरिकों, दुकानदारों और व्यवसायियों से अपील की जा रही है कि वे अपनी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटा लें। सड़कों और फुटपाथों पर रखे सामान को भी स्वतः हटाने का निर्देश दिया गया है, ताकि आवागमन में लोगों को परेशानी न हो।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ पर रखे अवैध सामान को जब्त किया जाएगा। सरकारी कार्य में बाधा डालने अथवा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने शहरवासियों से रामगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने एवं सुगम यातायात व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story