ताइक्वांडो में आदित्य ने तीसरी बार जीता गोल्ड, बढ़ाया क्षेत्र का मान

WhatsApp Channel Join Now
ताइक्वांडो में आदित्य ने तीसरी बार जीता गोल्ड, बढ़ाया क्षेत्र का मान


देवघर, 10 अगस्त (हि.स.)। मधुपुर के होनहार खिलाड़ी आदित्य शंकर ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। आदित्य ने लगातार तीसरी बार गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन का शानदार परिचय दिया है।

आदित्य ने 26वीं सीनियर क्योरुगी एवं 15वीं सीनियर/12 वीं कैडेट क्योरुगी तथा 11 वीं कैडेट पूमसे स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में हिस्सा लेकर यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता का आयोजन 07 से 09 अगस्त 2026 तक धनबाद के सरवमंगला पब्लिक स्कूल में किया गया, जहां आदित्य ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

आदित्य की इस लगातार तीसरी स्वर्णिम सफलता से उनके परिजनों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि से मधुपुर का नाम खेल जगत में गौरवान्वित हुआ है।

आदित्य की सफलता के पीछे उनके कोच राज मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कोच राज मंडल के निरंतर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और मेहनत ने आदित्य की प्रतिभा को निखारने में अहम योगदान दिया है। आदित्य ने भी नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के जरिए अपने प्रदर्शन को लगातार बेहतर किया है।

आदित्य की सफलता उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों और कस्बों से निकलकर खेल के बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। उन्होंने साबित कर दिया है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story