शिक्षक समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं : आदित्य साहू
-आदित्य साहू ने शिक्षक दिवस पर डॉ. राधाकृष्णन को किया नमन
रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शनिवार को ओरमांझी प्रखंड के गुडू गांव स्थित न्यू स्वर्ण रेखा पब्लिक स्कूल में आयोजित शिक्षक दिवस एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जयंती समारोह में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि के साथ हुई। आदित्य साहू ने इस मौके पर शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. राधाकृष्णन के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन और विचार देश की शिक्षा व्यवस्था के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। वे विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास और बेहतर भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है और वह अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ती है।
आदित्य साहू ने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के योगदान को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। सशक्त और शिक्षित समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश सिंह, भाजपा नेता अमरनाथ चौधरी और जिला पंचायत सदस्य सरिता देवी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

