एसआईआर पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का करें अक्षरशः पालन : भजन्त्री
रांची, 02 मई (हि.स.)। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को रांची जिला अंतर्गत हटिया विधानसभा क्षेत्र में प्री एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य प्रगति को लेकर समीक्षात्मरक बैठक की। इस अवसर पर उपायुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन के निर्देश दिये।
उन्होंने मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर देते हुए बचे हुए वोटरों की मैपिंग का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर सत्यापन कार्य को गंभीरता एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटे। जिला पंचायती राज पदाधिकारी को पंचायत स्तर पर चुने गये सभी जनप्रतिनिधियों का मैपिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नेशनल हाउस नंबरिंग कार्य की समीक्षा करते हुए मंजूनाथ भजन्त्री ने बीएलओ ने रजिस्टर संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ हर घर में स्टीकर लगाना सुनिश्चित करें। भजन्त्री ने सभी बीएलओ को मतदाताओं के नामों को चिन्हित कर अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं का विलोपन का कार्य नियमानुसार करने के निर्देश दिये, उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता में किसी प्रकार की त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, निर्वाची निबंधक पदाधिकारी हटिया विधानसभा क्षेत्र राजेश्वरनाथ आलोक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजेश साहू, हटिया विधानसभा क्षेत्र की बूथ लेवल ऑफिसर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी-कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

