अदाणी फाउंडेशन ने मरीजों के बीच किया पोषण आहार किट का वितरण

WhatsApp Channel Join Now
अदाणी फाउंडेशन ने मरीजों के बीच किया पोषण आहार किट का वितरण


रांची, 22 जुलाई (हि.स.)। गोंदुलपारा खनन परियोजना के तहत अदाणी फाउंडेशन ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम टीबी न्यूट्रिशन किट वितरण शिविर का आयोजन किया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में टीबी मरीजों के बीच पोषण संबंधी जागरूकता फैलाने के साथ उन्हें आवश्यक पोषक आहार उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीनियर टीबी सुपरवाइजर दीपक कुमार तथा गोंदुलपारा खनन परियोजना के सुरक्षा प्रमुख वीपी सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर अदाणी फाउंडेशन की ओर से 80 टीबी मरीजों को न्यूट्रिशन किट वितरित किए गए। किट में मरीजों के बेहतर पोषण और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल थी।

इस दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि टीबी जैसी बीमारी से पूरी तरह उबरने के लिए नियमित दवा के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार भी उतना ही आवश्यक है। मरीजों से चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लगातार जारी रखने तथा बीच में दवा नहीं छोड़ने की अपील की गई। साथ ही उपस्थित लोगों से टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने और रोग के लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच कराने का भी आग्रह किया गया।

अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर टीम ने स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे कार्यक्रम का संचालन किया। फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन अभियान को सहयोग देना, मरीजों के पोषण स्तर में सुधार लाना तथा स्थानीय समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है।

गौरतलब है कि गोंदुलपारा खनन परियोजना के माध्यम से अदाणी फाउंडेशन बड़कागांव क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रहा है। फाउंडेशन की ओर से समय-समय पर टीबी न्यूट्रिशन किट वितरण, निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर, ग्रामीण युवाओं के लिए कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि एवं आजीविका संवर्धन तथा खेल एवं युवा विकास से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

फाउंडेशन का कहना है कि विभिन्न सरकारी विभागों और स्थानीय समुदाय के सहयोग से संचालित इन पहलों का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका को सुदृढ़ बनाते हुए समग्र एवं सतत विकास को बढ़ावा देना है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story