अदाणी फाउंडेशन ने बड़कागांव के चार गांवों में लगाई सोलर हाई मास्ट लाइट
हजारीबाग, 08 जुलाई (हि.स.)। हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड में ग्रामीणों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और रात के समय होने वाली परेशानियों को दूर करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने महत्वपूर्ण पहल की है। गोंदुलपारा खनन परियोजना के अंतर्गत कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत होरम, मरदुसोटी, पुंदौल और चंदौल गांवों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सोलर हाई मास्ट लाइटें लगाई गई हैं।
इन हाई मास्ट लाइटों के शुरू होने से पहले शाम ढलते ही गांवों की सड़कें, चौक-चौराहे और अन्य सार्वजनिक स्थल अंधेरे में डूब जाते थे। अब रात के समय भी इन स्थानों पर पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो रही है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन गया है। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को इसका लाभ मिल रहा है।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहले रात में आवाजाही के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी रहने से सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है। मंदिर परिसर, चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर स्थापित सोलर हाई मास्ट लाइटें ग्रामीणों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही हैं।
सौर ऊर्जा आधारित यह व्यवस्था पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इससे ऊर्जा की बचत के साथ स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने और सतत विकास को गति देने में भी यह पहल सहायक सिद्ध होगी।
अदाणी फाउंडेशन गोंदुलपारा खनन परियोजना के माध्यम से बड़कागांव प्रखंड में कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन, पेयजल, आधारभूत संरचना विकास, खेल एवं युवा विकास तथा पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। फाउंडेशन का उद्देश्य स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सुधार लाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सतत विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

