धरने पर बैठे पूर्व विधायक की मांगों पर कार्रवाई का डीसी ने दिया आश्वासन

WhatsApp Channel Join Now
धरने पर बैठे पूर्व विधायक की मांगों पर कार्रवाई का डीसी ने दिया आश्वासन


रामगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले में विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक शंकर चौधरी गुरुवार को समाहरणालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे। लेकिन डीसी फैैज अक अहमद मुमताज ने उन्हें संतुष्ट कर कुछ ही देर में उनके धरने को समाप्त करा दिया।

मौके पर डीसी ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण, ओवरलोडिंग और भूमि कब्जे जैसे गंभीर मुद्दे पर कार्रवाई जरूर होगी। लेकिन बिना पुख्ता साक्ष्य और रिपोर्ट के आधार पर कुछ भी कर पाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि हर बिंदु पर उनकी नजर है और टीम बनाकर पूरी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई जरूर होगी।

उल्लेखनीय है कि पूर्व विधायक ने कई मुद्दों पर डीसी को चिट्ठी लिखी थी। उन्होंने कहा था कि होलिका दहन मैदान पर अवैध तरीके से कब्जे का प्रयास हो रहा है। इसके अलावा बिहार फाउंड्री और नानक फेरो एलॉय जैसे प्लांट अपनी चिमनियों से जहर उगल रहे हैं। इन सभी बिंदुओं पर डीसी ने गंभीरतापूर्वक जांच करने और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story