पुलिस ने 16 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
देवघर, 29 सितंबर (हि.स.)। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सारठ थाना और पथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर 16 संदिग्ध साइबर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी करते थे। कार्रवाई की पुष्टि स्थानीय रिपोर्ट में भी की गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ थाना और पथरड्डा ओपी क्षेत्र में कुछ लोग फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन पे के कस्टमर केयर, एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी, गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर और पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित इलाकों में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपितों के पास से 19 मोबाइल फोन और 25 सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, बरामद मोबाइल और सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में अक्षय कुमार (19), प्रफुल दास (19), पवन यादव (24), ललन दास (19), रमेश दास (30), शेखर दास (20), बिट्टू दास (21), पंकज कुमार (22), सुफियान अंसारी (23), आलमगीर अंसारी (30), उमेश कुमार (25), लालमोहम्मद अंसारी (28), फुरकान अंसारी (31), गफ्फार अंसारी (21), इरफान अंसारी (25) और महफुज अंसारी (28) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में ललन दास, बिट्टू कुमार दास, सुफियान अंसारी, इरफान अंसारी, गफ्फार अंसारी, आलमगीर अंसारी और उमेश यादव के खिलाफ पूर्व में भी देवघर साइबर थाना में मामले दर्ज हैं। संबंधित कांडों में साइबर ठगी से जुड़े आरोपों की जांच पहले से चल रही थी।
देवघर पुलिस का साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। हाल के दिनों में भी जिले में फर्जी कस्टमर केयर और अन्य तरीकों से ठगी करने वाले संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

