भाजपा को बदनाम करने वालों पर हो कार्रवाई : जेपी
रांची, 14 मई (हि.स.)। भाजपा किसान मोर्चा झारखंड प्रदेश के नेता जेपी पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की छवि खराब करने वाले नेताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जेपी पांडेय ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में भाजपा की सकारात्मक छवि बनाए रखना सभी नेताओं की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की स्वच्छ छवि और बेहतर कार्यशैली के कारण ही जनता ने केंद्र और कई राज्यों में पार्टी को सत्ता सौंपी है, इसलिए संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
पांडेय ने कहा कि कुछ नेताओं की कथित गलत गतिविधियों और भ्रष्ट आचरण के कारण पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है।
उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व से ऐसे नेताओं को संगठन से बाहर करने की मांग की, ताकि भविष्य में कोई भी नेता पार्टी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास न कर सके।
उन्होंने नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और धांधली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं से देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

