सीट कटौती के विरोध में एसीएस ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
सीट कटौती के विरोध में एसीएस ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में विभिन्न रोजगारपरक और जनजातीय-क्षेत्रीय भाषा पाठ्यक्रमों की प्रस्तावित सीट कटौती काे लेकर गुरुवार को आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को ज्ञापन सौंपा।

माैके पर विवेक तिर्की ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कुड़ुख, संथाली, मुंडारी, हो, खड़िया, खोरठा, कुरमाली, नागपुरी और पंचपरगनिया भाषा विभागों के साथ-साथ बीबीए, एमबीए, कंप्यूटर विज्ञान और वाणिज्य पाठ्यक्रमों की सीटें घटाने का प्रस्ताव छात्र हितों के खिलाफ है। उन्होंने प्रस्ताव को तत्काल वापस लेकर वर्तमान सीटों को यथावत रखने और जरूरत के अनुसार बढ़ाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों में हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र आवेदन करते हैं। सीटों में कटौती का सबसे अधिक असर ग्रामीण, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर पड़ेगा, जिससे अनेक योग्य छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो सकते हैं।

ज्ञापन में स्नातक और स्नातकोत्तर नामांकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, मेरिट आधारित और समयबद्ध बनाने, सभी मेरिट सूची, कटऑफ और रिक्त सीटों की जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर सार्वजनिक करने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल में विवेक तिर्की, संघ के सचिव अमित टोप्पो सहित अन्य छात्र मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story