एसआईआर के तहत निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करें : भजंत्री

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर के तहत निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करें : भजंत्री


रांची, 04 जुलाई (हि.स.)।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा को लेकर शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में बैठक हुई।

इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाएं। एसआईआर का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करें। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी करें। इसके साथ ही कार्य की दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करें।

उन्होंने सभी बीएलओ को प्रतिदिन सुबह छह बजे से घर-घर जाकर फॉर्म का वितरण और संग्रहण करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक मतदाता घर पर मिल सकें। साथ ही दिन के दूसरे हिस्से में संग्रहित प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने को कहा।

समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कई ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ के कार्य पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।

बैठक में सभी ईआरओ, एईआरओ, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी सीडीपीओ और सुपरवाइजर मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story