डेहकेला गोलीकांड का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
डेहकेला गोलीकांड का मुख्य आरोपित गिरफ्तार


खूंटी, 27 अप्रैल (हि.स.)। मुरहू थाना क्षेत्र के डेहकेला गांव में शनिवार रात हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान सोमार बाजार, मुरहू निवासी जोहन मुंडू (21) के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, फायर किया हुआ बुलेट का खोखा और दो बाइक बरामद किया है।

यह जानकारी सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी ऋषभ गर्ग ने देते हुए बताया कि शनिवार की रात में हथियारबंद अपराधियों ने डेहकेला गांव निवासी केदार अहीर के घर पर धावा बोलकर मारपीट और फायरिंग की थी। इस दौरान केदार अहीर के पुत्र रूसू अहीर के जांघ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एसपी ने बताया कि घटना के दौरान जुटे ग्रामीणों ने एक आरोपित पंगुरा गांव निवासी खुदीराम ओड़ेया को पकड़ लिया था, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। ग्रामीणों की पिटाई में घायल खुदीराम का इलाज पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल, खूंटी में चल रहा है।

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन के विवाद को घटना का कारण बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला अफीम कारोबार से तो जुड़ा नहीं है। बताया गया कि इस मामले में शामिल अन्य 06 से 08 अपराधी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी दल में खूंटी एसडीपीओ वरुण रजक, पुलिस निरीक्षक (खूंटी अंचल) फ्रांसिस जेवियर बाड़ा, मुरहू थाना प्रभारी नायल गोडविन केरकेट्टा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

Share this story