चारा घोटाला का फरार आरोपित गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर रांची ला रही सीबीआई

WhatsApp Channel Join Now
चारा घोटाला का फरार आरोपित गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर रांची ला रही सीबीआई


चारा घोटाला का फरार आरोपित गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर रांची ला रही सीबीआई


रांची, 23 अक्टूबर (हि.स.)। चारा घोटाला मामले में 25 साल से फरार चल रहे घोषित आरोपित सत्येंद्र कुमार को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने उसे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रेलवे स्टेशन से पकड़ा। आरोपित लंबे समय से जांच एजेंसी की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी के बाद अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया जा रहा है, जहां सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।

सीबीआई के अनुसार, इस मामले में वर्ष 2001 में आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इसके बाद सत्येंद्र कुमार फरार हो गया और मुकदमे की सुनवाई के दौरान अदालत में पेश नहीं हुआ। लगातार अनुपस्थित रहने के कारण अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी का स्थायी वारंट जारी किया था। इसके बाद से सीबीआई उसकी तलाश में जुटी थी।

सीबीआई ने आरोपित को पकड़ने के लिए लंबे समय तक तकनीकी निगरानी और अन्य माध्यमों से उसकी तलाश की। लगातार निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसकी लोकेशन नेपाल में होने का पता चला। हाल ही में आरोपित भारत लौटा था।

जांच एजेंसी को सूचना मिली कि 22 अक्टूबर 2026 को सत्येंद्र कुमार मध्य प्रदेश के गुना से ट्रेन के जरिए लखनऊ जा रहा है। इसके बाद सीबीआई ने उसे गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम गठित की। टीम लखनऊ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने से पहले ही तैनात हो गई। आधी रात के आसपास स्टेशन पर पहुंचने के बाद आरोपित को पकड़ लिया गया।

सीबीआई के अनुसार सत्येंद्र कुमार को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया जा रहा है। यहां उसे संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा ताकि चारा घोटाला मामले में उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765798 Articles

Share this story