पुलिस पर हमला और चेन छिनतई दोनों मामलों का आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस पर हमला और चेन छिनतई दोनों मामलों का आरोपित गिरफ्तार


रांची, 30 दिसंबर (हि.स.)। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बीते छह सितंबर को हुए चेन छिनतई और मारपीट की घटना में फरार चल रहे नामजद आरोपित मनी सिंह उर्फ मनिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना पटेल चौक के पास हुई थी, जहां आरोपित मनी सिंह ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर तीन युवकों के साथ मारपीट की थी।

मारपीट के दौरान आरोपित और उसके साथियों ने एक युवक से सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया था। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है, जबकि मुख्य आरोपित मनी सिंह उर्फ मनिया को अब गिरफ्तार कर लिया गया है।

थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने बताया कि एक आरोपित को मामले में गिरफ्तार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि बीते 25 दिसंबर की देर रात रांची रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिसकर्मी पर हमला करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 25 दिसंबर की देर रात तब हुई, जब रेलवे स्टेशन के बाहर कुछ बदमाशों ने एक युवक के साथ मारपीट की और उसे चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

घटना की सूचना मिलने पर पीसीआर 21 पर तैनात पुलिस जवान तत्काल मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने घायल युवक को बचाने और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, तो एक आरोपित ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पहुंचे पुलिस जवान पर भी हमला कर दिया।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घायल पुलिस जवान और चाकूबाजी का शिकार हुए युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story