रांची में फूड कॉर्नर कारीगर की हत्या का मुख्य आरोपित गिरफ्तार
रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में फूड कॉर्नर के कारीगर की चाकू मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित अमित कुमार राय को गिरफ्तार किया है। वह धुर्वा इलाके का ही रहने वाला है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, एक मोबाइल फोन और घटना के समय पहना हुआ शर्ट बरामद किया है।
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 17 नवंबर की रात अमित राय ने जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंडा सेंटर के पास एक दुकान में चिकन लॉलीपॉप का ऑर्डर दिया था। ऑर्डर मिलने में देरी होने से नाराज होकर उसने दुकान के कारीगर अजय कुमार दास के गले पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारीगर को इलाज के लिए पारस अस्पताल भेजा। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नीरज के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर आरोपित की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित अमित राय का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2025 में कांड संख्या 59/25 दर्ज है।
इस संबंध में धुर्वा थाना कांड संख्या 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान में जुटी है।
छापेमारी दल में डीएसपी हटिया नीरज कुमार झा, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

