तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, यूथ कांग्रेस नेता की मौत

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, यूथ कांग्रेस नेता की मौत


गोड्डा, 09 सितंबर (हि.स.)। पोड़ैयाहाट-हंसडीहा मंगलवार की देर रात मुख्य मार्ग एनएच-133 पर कारूडीह के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में भतडीहा निवासी और यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव बताए जा रहे दीपक कुमार मंडल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में छह लोग सवार थे और सभी तारापीठ पूजा के लिए जा रहे थे। कारूडीह के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर लहराते हुए करीब 25-30 फीट तक हवा में उछला और डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन का पिछला दरवाजा खुलने से दीपक करीब 100 मीटर दूर जा गिरे और उनकी मौत हो गई।

घायलों की पहचान विकास सिंह, रामगोपाल, जितेंद्र मंडल एवं नीतीश कुमार के रूप में हुई है। सभी को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर सदर अस्पताल गोड्डा लाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए दो घायलों को रांची, एक को भागलपुर और एक को कोलकाता रेफर किए जाने की जानकारी है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

घटना की सूचना मिलते ही पोड़ैयाहाट विधायक और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। हादसे में दीपक कुमार मंडल की मौत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

Share this story