सरहुल के उल्लास के बीच हादसा, स्वागत मंच गिरा
रांची, 21 मार्च (हि.स.)। रांची में प्रकृति पर्व सरहुल के उल्लास के बीच शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। शहर के अल्बर्ट एक्का चौक के पास शोभायात्रा के स्वागत के लिए बनाया गया एक बड़ा मंच अचानक गिर गया। इस घटना में मंच पर बैठे और नीचे खड़े 5-6 लोगों को हल्की चोटे आईं हैं।
लोगों ने बताया कि मौसम विभाग ने पहले ही रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया था। दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण मंच की संरचना कमजोर हो गई और तेज हवा और बारिश के कारण मंच सहन नहीं कर सका, जिससे यह हादसा हुआ। यह मंच शोभायात्रा के स्वागत और श्रद्धालुओं के लिए गुड़, चना और पेयजल की व्यवस्था के लिए तैयार किया गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक टेंट बारिश के वजह से गिर गया। इसमें कुछ लोगों को हल्की चोटें आयी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

