विकास योजनाओं में लाएं तेजी, अगली बैठक से पहले पूरा हो 50 प्रतिशत काम : डीसी
रामगढ़, 18 जुलाई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को सीएसआर, डीएमएफटी के तहत जिले में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान डीसी ने जिले में सीएसआर, डीएमएफटी और अनाबद्ध निधि के तहत स्वीकृत एवं संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों से योजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
डीसी ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने संतोषजनक प्रगति नहीं करने वाली एजेंसियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अगली समीक्षा बैठक से पूर्व लंबित योजनाओं में प्रत्येक योजना का कम से कम 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से योजनाओं का स्थल निरीक्षण करने और कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान बिजुलिया तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। डीसी ने कार्य की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
डीसी ने सदर अस्पताल में आमजनों को सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भवन प्रमंडल की ओर से किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि जिलेवासियों को जल्द से जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

