आय से अधिक संपत्ति मामले में सेवानिवृत्त चौकीदार के घर एसीबी की छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
आय से अधिक संपत्ति मामले में सेवानिवृत्त चौकीदार के घर एसीबी की छापेमारी


-दो मंजिला मकान और जमीन का मूल्य 90.53 लाख रुपये आंका, पांच लाख से अधिक नकद बरामद

रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सेवानिवृत्त चौकीदार धीरन माल के घर पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई 19 नवंबर को न्यायालय के आदेश के अनुसार की गई।

धीरन माल पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के गढ़वाड़ी गांव के निवासी हैं। उनके खिलाफ एसीबी, दुमका थाना में कांड संख्या 07/2026 (दिनांक 02.11.2026) के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत की गई। कार्यपालक दंडाधिकारी (दुमका) और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गढ़वाड़ी स्थित उनके आवास की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान घर में रखे सामान, 4,000 वर्गफीट जमीन और उस पर बने पक्के दो मंजिला मकान का आकलन किया गया। इनका अनुमानित मूल्य 90 लाख 53 हजार 440 रुपये पाया गया। घर से पांच लाख आठ हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए, जिनका कोई हिसाब नहीं मिल सका।

तलाशी के दौरान एक हजार रुपये मूल्य के 24 पुराने और बंद हो चुके नोट भी मिले, जिनकी कुल राशि 24 हजार रुपये है। इसके अलावा आरोपित द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से अर्जित करोड़ों रुपये की अन्य अचल संपत्तियों के बारे में भी जानकारी सामने आई है। मामले में एसीबी की जांच और कार्रवाई जारी है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780598 Articles

Share this story