एसीबी ने रिम्स जमीन घोटाला मामले में रांची के पूर्व भूमि सुधार उपसमाहर्ता सहित छह अधिकारी को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एसीबी ने रिम्स जमीन घोटाला मामले में रांची के पूर्व भूमि सुधार उपसमाहर्ता सहित छह अधिकारी को किया गिरफ्तार


एसीबी ने रिम्स जमीन घोटाला मामले में रांची के पूर्व भूमि सुधार उपसमाहर्ता सहित छह अधिकारी को किया गिरफ्तार


रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिम्स जमीन घोटाले मामले में रांची के पूर्व भूमि सुधार उपसमाहर्ता मनोज कुमार रंजन सहित छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बड़ागाईं अंचल के पूर्व सीओ शैलेश कुमार और रांची टाउन के पूर्व सीओ राजेश कुमार भी शामिल हैं। इसके अलावा तत्कालीन जिला अवर निबंघक अविनाश कुमार, तत्कालीन जिला अवर निबंधक राहुल कुमार चौबे, तत्कालीन डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव मणि त्रिपाठी शामिल हैं।

यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची थाना कांड संख्या-01/2026 के तहत की गई है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं (जैसे धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र और पद का दुरुपयोग) के तहत मुकदमे दर्ज हैं। जांच के दौरान एसीबी को यह पुख्ता साक्ष्य मिले कि इन सभी आरोपियों ने अपने पद पर रहते हुए निजी आर्थिक लाभ के लिए आपराधिक षड्यंत्र रचा और अपने पद का घोर दुरुपयोग किया।

एसीबी के अनुसार, ये सभी रिम्स जमीन घोटाले में संलिप्त पाए गए हैं। फिलहाल, सभी गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि रिम्स की जमीन पर अतिक्रमण मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पांच जनवरी 2026 को प्राथमिक की दर्ज की थी। झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में मंत्रिमंडल निगरानी एवं सचिवालय के निर्देश पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने रिम्स की जमीन पर अतिक्रमण मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। जिनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है, उनमें रिम्स रांची प्रबंधन, राजस्व कार्यालय रांची, रांची नगर निगम, निबंधन कार्यालय रांची, रियल इस्टेट रेगुलेटरी अथारिटी (रेरा), रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) के पदाधिकारियों, कर्मियों व अन्य अज्ञात लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778920 Articles

Share this story