पतरातू अंचल कार्यालय का एसी ने किया निरीक्षण, समय पर कार्य निष्पादन का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पतरातू अंचल कार्यालय का एसी ने किया निरीक्षण, समय पर कार्य निष्पादन का दिया निर्देश


रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है। बुधवार को डीसी ऋतुराज के निर्देश पर अपर समाहर्ता (एसी) मनिंद्र भगत ने पतरातू अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने अंचल कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय में संधारित अभिलेखों, राजस्व से जुड़े कार्यों तथा आम नागरिकों की समस्याओं और उनसे संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के कामकाज की स्थिति का आकलन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली।

अपर समाहर्ता मनिंद्र भगत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी कार्यों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने जनता से जुड़े मामलों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यों के प्रति जिम्मेदारी बेहद जरूरी है। जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776197 Articles

Share this story