राष्ट्रवादी विचारधारा और छात्र शक्ति के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा परिषद : राजेंद्र कृष्ण

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रवादी विचारधारा और छात्र शक्ति के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा परिषद : राजेंद्र कृष्ण


राष्ट्रवादी विचारधारा और छात्र शक्ति के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा परिषद : राजेंद्र कृष्ण


- एबीवीपी ने धूमधाम से मनाया 78 वां राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस

रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रांची महानगर इकाई ने गुरुवार को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं संगठन के 78 वें स्थापना दिवस के पर रांची विश्वविद्यालय के मोरहाबादी स्थित केंद्रीय पुस्तकालय में संगोष्ठी का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में परिषद के कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रांची महानगर मंत्री तुषार दुबे ने की और यह पूरा आयोजन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड प्रदेश के उपाध्यक्ष डॉ आनंद ठाकुर के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एबीवीपी झारखंड प्रदेश के संगठन मंत्री पशुपतिनाथ उपस्थित थे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड हाई कोर्ट बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र कृष्ण ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं और छात्रों के कंधे पर ही देश का भविष्य टिका है। राष्ट्रवादी विचारधारा और छात्र शक्ति के संकल्प के साथ परिषद आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि एबीवीपी ने पिछले 77 वर्षों में देश को अनुशासित और प्रखर नेतृत्व दिया है। आज के दौर में छात्रों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना होगा। शिक्षा का मूल उद्देश्य केवल डिग्री पाना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जवाबदेह नागरिक बनना है।

विशिष्ट अतिथि और समाजसेवी संजना कुमारी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन ही वह समय है जहां चरित्र और संस्कारों का निर्माण होता है। परिषद जिस तरह से छात्र-छात्राओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना का बीज बो रही है, वह सराहनीय है। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में भी युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्रदेश संगठन मंत्री पशुपतिनाथ ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए संगठन के ध्येय और इसके गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के अंत में महानगर मंत्री तुषार दुबे ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का आभार जताया। कार्यक्रम का विधिवत समापन 'वंदे मातरम' के गान के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story