ड्यूटी पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति नहीं हाेगी बर्दाश्त : डीसी

WhatsApp Channel Join Now
ड्यूटी पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति नहीं हाेगी बर्दाश्त : डीसी


रामगढ़, 05 मई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज ने मंगलवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने ड्यूटी रोस्टर की जांच की और निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक निर्धारित समय पर अपनी ओपीडी और वार्ड ड्यूटी में उपस्थित रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राउंड के समय डॉक्टरों की अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बायोमेट्रिक उपस्थिति का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने मरीजों से बातचीत की। उन्होंने वार्डों का भ्रमण कर वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने अस्पताल की ओर से दी जा रही चिकित्सा सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने यह देखा कि मरीजों को आयुष्मान कार्ड के तहत नि:शुल्क इलाज का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ सभी व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचे।

दवाओं की स्टॉक रजिस्टर की जांच के दौरान डीसी ने डॉक्टरों को सख्त निर्देश दिया कि वे केवल वही दवाएं लिखें जो अस्पताल में उपलब्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शत-प्रतिशत दवाएं अस्पताल से ही मिलनी चाहिए, मरीजों को बाहर से दवा खरीदना नहीं पड़े।

अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ उन्होंने कर्मियों को अनुशासित रहने और मरीजों के साथ शालीन व्यवहार करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि मरीजों के इलाज में देरी या ड्यूटी से नदारद रहने वाले कर्मियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से डॉक्टरों की उपस्थिति की निगरानी करें।

निरीक्षण के क्रम में डीसी ने कहा कि हमारा लक्ष्य जिले के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना है। सदर अस्पताल में डॉक्टरों की समय पर उपलब्धता और सम्मानजनक इलाज जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story