रांची : डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद हटाई गईं, अभिनंदन कुमार बने नए थाना प्रभारी
रांची, 25 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक अनुशासन को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। विभागीय आदेश जारी करते हुए उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
दीपिका प्रसाद को हटाए जाने के तुरंत बाद एसएसपी राकेश रंजन ने डोरंडा थाने में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति भी कर दी है। इंस्पेक्टर अभिनंदन कुमार को डोरंडा थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। इस संबंध में आदेश जारी कर उन्हें अविलंब पदभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में नए थाना प्रभारी को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने और पुलिसिंग को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, दीपिका प्रसाद को हटाए जाने के कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

