समाहरणालय में आधार सेवा केंद्र का सांसद ने किया उदघाटन

WhatsApp Channel Join Now
समाहरणालय में आधार सेवा केंद्र का सांसद ने किया उदघाटन


रामगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। आधार कार्ड में सुधार और आवश्यक बदलाव कराने के लिए अब जिले के लोगों को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला समाहरणालय के ब्लॉक-ए में जिला स्तरीय आधार सेवा केंद्र शुरू किया गया है। बुधवार को सांसद मनीष जायसवाल ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से अब जिला मुख्यालय में ही लोगों को आधार संबंधी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

डीसी ऋतुराज के निर्देश पर शुरू किए गए इस आधार सेवा केंद्र का संचालन डाक विभाग करेगा। यहां आम लाेग अपने आधार कार्ड में आवश्यक सुधार और अद्यतन से संबंधित सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इससे विशेषकर दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक भागदौड़ और परेशानियों से राहत मिलेगी।

केंद्र के उद्घाटन के बाद आम नागरिकों के लिए आधार संबंधी सेवाओं की शुरुआत भी कर दी गई। इस दौरान तीन आवेदकों के आधार कार्ड में सुधार से जुड़े आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रक्रिया पूरी की गई। सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रोशन लाल चौधरी, विधायक निर्मल महतो और उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित आवेदकों को आधार सुधार की रसीद सौंपी।

इस अवसर पर सांसद और विधायकों ने जिला स्तरीय आधार सेवा केंद्र की शुरुआत को आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में ही आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। डीसी ऋतुराज ने भी कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों को सरकारी एवं जनसुविधाओं का लाभ सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

उद्घाटन कार्यक्रम में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, उपायुक्त ऋतुराज सहित जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779456 Articles

Share this story