रामगढ़ की युवती ने गाजियाबाद में की खुदकुशी

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ की युवती ने गाजियाबाद में की खुदकुशी


रामगढ़, 10 अप्रैल (हि.स.)। देश की राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में रामगढ़ जिले की एक युवती ने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। लेकिन इस घटना की गूंज रामगढ़ जिले में सुनाई दे रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि गाजियाबाद पुलिस इस पूरे मामले को बेहद संदेहास्पद मान रही है। मृत युवती के परिजनों से बात करने के लिए गाजियाबाद पुलिस प्रयास कर रही है।

गाजियाबाद पुलिस की ओर से फोन करने के बाद रजरप्पा पुलिस सक्रिय हुई। पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हुआ कि दुलमी प्रखंड के कुल्ही गांव की रहने वाली अनीशा के पिता पन्नू महतो गांव में ही रहते हैं। गांव वालों ने बताया कि 03 साल पहले अनीशा बरगई टोला के रहने वाले साहिल अंसारी पिता तबारक अंसारी के साथ प्रेम विवाह कर चली गई थी। तभी से वह अपने पति के साथ गाजियाबाद में ही रह रही थी। इस दौरान उन लोगों का एक संतान भी हुआ।

गाजियाबाद पुलिस के सब इंस्पेक्टर विनोद पांडे ने रजरप्पा थाना प्रभारी को बताया कि 08 अप्रैल को अनीशा ने घर में ही फंदे से लटक कर जान दे दी। जैसे ही पुलिस को सूचना मिली घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मृतका के परिजनों को सूचना देने के लिए पुलिस ने काफी प्रयास किया। बाद में पता चला कि वह रजरप्पा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। इस बीच पुलिस ने अनीशा के पति साहिल अंसारी को भी हिरासत में लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story