नईसराय चौक पर पुलिस अधिकारी और जवानों की जान लेना चाहती थी हिंसक भीड़

WhatsApp Channel Join Now
नईसराय चौक पर पुलिस अधिकारी और जवानों की जान लेना चाहती थी हिंसक भीड़


नईसराय चौक पर पुलिस अधिकारी और जवानों की जान लेना चाहती थी हिंसक भीड़


रामगढ़, 18 जून (हि.स.)। शहर के नई सराय चौक पर दुर्घटना के बाद जुटी भीड़ के हिंसक व्यवहार पर पुलिस की कार्रवाई शुरू हो गई है। पुलिस पर हुए पथराव और कुर्सी फेकने के बाद घायल हुए पुलिस पदाधिकारी और जवानों को सदर अस्पताल में इलाज करना पड़ा। घायल पुलिस पदाधिकारी का बयान जब सामने आया तो पता चला कि नई सराय चौक पर हिंसक भीड़ पुलिस पदाधिकारी और जवानों की जान लेना चाहती थी। भीड जिस तरीके से पत्थर और लाठी चला रही उससे आक्रोश साफ झलक रहा था। यातायात थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर शंकर कुमार के बयान पर रामगढ़ थाने में नौ नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यातायात थाने में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर शंकर कुमार ने अपने बयान में कहा है कि जब वह नई सराय चौक पर पहुंचे तो चंदन नाम का युवक भीड़ को उकसा रहा था। वह लोगों को कह रहा था की नई सराय चौक पर यह लोग चालान काटता है। आज इन लोगों को सबक सिखाना है। उसकी बात पर भीड़ उग्र हुई और भीड़ में मौजूद पप्पू, सलमान, गौतम, कासीब सहित अन्य अज्ञात लोगों ने उन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि भीड़ ने सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र मंडल पर भी हमला किया।

सड़क हादसे के बाद जब भीड़ जुटाना शुरू हुई तो सबसे पहले पुलिस के खिलाफ ही नारेबाजी होने लगी। लोगों का गुस्सा इसलिए हिंसक हुआ, क्योंकि वहां नई सराय चौक पर लगातार चलने वाले वाहन चेकिंग को बंद करना चाहते थे। भीड़ में मौजूद लोगों ने गलत तरीके से नो एंट्री जोन की अफवाह उड़ाई। इसके अलावा लगातार चल रही वाहन चेकिंग को भी गलत करार दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story