शादी का झांसा देकर युवती का 13 वर्षों तक किया यौन शोषण

WhatsApp Channel Join Now
शादी का झांसा देकर युवती का 13 वर्षों तक किया यौन शोषण


रामगढ़, 07 मार्च (हि.स.)। जिले में शादी का झांसा देकर एक आदिवासी युवती का 13 वर्षों तक यौन शोषण किया गया। यह मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता महिला थाना पहुंची। मुंडा समाज की पीड़िता मूल रूप से भदानीनगर ओपी क्षेत्र की रहने वाली है।

पीडिता अपने एक रिश्तेदार के घर काफी लंबे समय तक मतकमा गांव में रही थी। इसी गांव में अपने रिश्तेदार के घर रह रहे प्रकाश यादव के साथ उसे प्रेम हो गया। वर्ष 2012 में शुरू हुआ उन लोगों का प्रेम संबंध वर्ष 2025 तक चलता रहा। इस दौरान पीड़िता के साथ प्रकाश यादव ने शादी का वादा किया और फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। उसने अपने इस प्रेम संबंध को छुपाए रखने के लिए भी पीड़िता को राजी कर लिया था। उसने यह भरोसा दिलाया था कि वह पूरी जिंदगी उसका साथ निभाएगा।

साथ ही मौका मिलते ही अपने घर वालों को मना लेगा और उसके साथ शादी करेगा। इसके बाद बीते कुछ महीनों से प्रकाश यादव ने पीड़िता के साथ अपने सारे संबंध तोड़ लिए। उसने किसी और से शादी करने का फैसला कर लिया। प्रकाश के इस फैसले के खिलाफ पीड़िता ने सामाजिक तौर पर और कानूनी तौर पर भी पहल की। दोनों स्तर पर ही लड़के ने उसके साथ शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने महिला थाने में आवेदन देकर प्रकाश यादव के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। महिला थाना प्रभारी वीना कुमारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और कार्रवाई हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story