संविधान के आदर्शों पर चलने के लिए समाहरणालय में हुआ प्रस्तावना का सामूहिक पाठ
रामगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला समाहरणालय के सभागार में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया गया। इस दौरान जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़कर लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
डीसी ऋतुराज ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों को केवल शब्दों तक सीमित न रखकर जीवन में आत्मसात करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान और उसके मूल सिद्धांतों की रक्षा करना सभी का सामूहिक दायित्व है।
डीसी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करने की अपील की।
संविधान दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के अधीन संचालित सभी सरकारी कार्यालयों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

