रामगढ के सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव पाठशाला चार काे

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ के सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव पाठशाला चार काे


रामगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चार नवंबर 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट और बूथ लेवल ऑफिसर की पांचवीं बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर ‘चुनाव पाठशाला’ का भी आयोजन होगा। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी ऋतुराज के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

बैठक और चुनाव पाठशाला के दौरान प्रपत्र-2 में अंकित वैसे मतदाताओं की नामवार सूची प्रकाशित की जाएगी, जिन्होंने नोटिस और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इस सूची को बीएलओ, बीएलए एवं उपस्थित नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाया जाएगा।

इस दौरान बूथ लेवल एजेंटों और आम नागरिकों से आवश्यक जानकारी, सुझाव और आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटे और कोई अपात्र या विदेशी नागरिक सूची में शामिल नहीं हो।

वहीं, चुनाव पाठशाला के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने, नाम और पता में सुधार कराने एवं अपनी मतदाता प्रविष्टि की स्थिति जांचने की जानकारी भी दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे चार नवंबर को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर चुनाव पाठशाला में भाग लें और मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771943 Articles

Share this story