वर्षायोग के समापन के बाद जैन मुनियों का रामगढ़ से विहार

WhatsApp Channel Join Now
वर्षायोग के समापन के बाद जैन मुनियों का रामगढ़ से विहार


रामगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। चार माह के पावन वर्षायोग (चौमासे) के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद गुरुवार को परम पूज्य मुनिश्री 108 पुण्यानंद जी महाराज, मुनिश्री 108 शुभानंद जी महाराज एवं क्षुल्लकश्री 105 दिव्यानंद जी महाराज संघ का रामगढ़ से मंगल विहार हुआ।

चार माह तक जिन संतों के सान्निध्य में जैन समाज ने धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान की अमृतधारा का लाभ लिया, उनके बिहार के समय पूरा समाज भावुक हो उठा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों और भावपूर्ण हृदय से मुनिश्री संघ को विदाई दी।

मुनिश्री संघ का चार माह का रामगढ़ प्रवास जैन समाज के लिए आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय रहा। इस दौरान महाराज श्री के सान्निध्य में नियमित धार्मिक प्रवचन, पूजा-अर्चना, स्वाध्याय एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुनिश्री के मुखारविंद से धर्म, अहिंसा, सत्य, संयम, त्याग, तपस्या, क्षमा और आत्मकल्याण के संदेशों ने समाज के लोगों को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके सान्निध्य से बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों में धार्मिक संस्कारों और आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ।

मंगल बिहार से पूर्व मुनिश्री संघ ने अपने अंतिम प्रवचन में समस्त जैन समाज को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। महाराज श्री ने समाजजनों को धर्म के प्रति श्रद्धा, समर्पण और भक्ति बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जीवन में गुरुजनों के प्रति सम्मान, विनय और समर्पण की भावना आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती है। सभी समाजजन अपने जीवन में धार्मिक संस्कारों को आत्मसात करते हुए धर्म के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ते रहे।

अंतिम प्रवचन के दौरान माहौल भावुक हो गया। चार माह तक प्रतिदिन महाराज श्री के दर्शन, प्रवचन और आशीर्वचन प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं के लिए विदाई का यह पल बेहद भावुक रहा। समाज के लोगों ने महाराज श्री के चरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

जैन समाज के अध्यक्ष राजेंद्र चूड़ीवाल ने बताया कि मुनिश्री संघ के मंगल विहार के अवसर पर समाज के सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने पूरी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ महाराज श्री को विदाई दी। उन्होंने कहा कि चार माह तक संतों का सान्निध्य प्राप्त करना समाज के लिए सौभाग्य की बात रही। उनके प्रवचनों और धार्मिक मार्गदर्शन से समाज को आध्यात्मिक रूप से नई दिशा मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780662 Articles

Share this story