रांची में उत्पाद विभाग की कार्रवाई में 940 पेटी नकली विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रांची में उत्पाद विभाग की कार्रवाई में 940 पेटी नकली विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार


रांची, 09 मई (हि.स.)। रांची के तीन थाना क्षेत्रों में उत्पाद विभाग ने छापेमारी करते हुए लगभग 940 पेटी अवैध और नकली विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार भी किया गया।

उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि रांची में बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब की खेप का परिवहन किया जाने वाला है। इस इनपुट के आधार पर विभाग ने एक विशेष टीम का गठन किया और छापेमारी की योजना तैयार की।

सटीक सूचना के अनुसार, नगड़ी, रातू और धुर्वा थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान 940 पेटी नकली शराब के साथ-साथ दो वाहन, बोतल के ढक्कन और नकली लेबल भी बरामद किए गए।

मौके से राहुल नायक नामक एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जो खूंटी जिले का रहने वाला है।

सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह ने शनिवार को बताया कि यह नकली शराब रांची से बाहर अन्य जिलों में सप्लाई करने की योजना थी। समय रहते मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई।

उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ में कई अन्य तस्करों के नाम सामने आए हैं, जो नकली शराब के निर्माण और उसकी सप्लाई में शामिल हैं। इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए टीम गठित की जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद खेप में विभिन्न ब्रांडों की नकली शराब शामिल थी, जिसमें क्वार्टर, हाफ और फुल बोतलें थीं। इन सभी बोतलों पर असली ब्रांड जैसे लेबल लगाए गए थे ताकि इन्हें आसानी से बाजार में खपाया जा सके।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story